Media4Citizen Logo
खबर आज भी, कल भी - आपका अपना न्यूज़ पोर्टल
www.media4citizen.com

फिल्म 'पद्मकौमुदी' : कार्लोवी वैरी समारोह में दिखाई जाएगी

यह फिल्म बनारस घराने की ठुमरी साम्राज्ञी की विदुषी शिष्या कौमुदी मुंशी के जीवन पर आधारित है। फिल्म का निर्देशन गौतम चटर्जी ने किया है।

कार्लोवी वैरी समारोह में दिखाई जाएगी
कार्लोवी वैरी समारोह में दिखाई जाएगी

फिल्म 'पद्मकौमुदी' का चयन कार्लोवी वैरी अंतरराष्ट्रीय फिल्म समारोह में किया गया है। यह जानकारी मार्ग फिल्म्स के निदेशक सोमिरन बनर्जी ने दी है। यह फिल्म बनारस घराने की ठुमरी साम्राज्ञी की विदुषी शिष्या कौमुदी मुंशी के जीवन पर आधारित है। फिल्म का निर्देशन गौतम चटर्जी ने किया है।

फिल्म का प्रीमियर पिछले साल अगस्त में बनारस में हुआ था। तब से अब तक देश भर में इसके सौ से अधिक प्रदर्शन हुए। फिल्म का प्रदर्शन प्रायः फिल्म क्लब और अकादमिक संस्थानों ने किया। हाल ही में इसका एक प्रदर्शन काशी हिंदू विश्वविद्यालय के मालवीय मूल्य अनुशीलन केंद्र में हुआ।

बनारस घराने की ठुमरी गायिका विदुषी कौमुदी मुंशी का जन्म काशी में ही हुआ था। बाद में वे मुंबई में बस गई। उन्हें गुजरात कोकिला का सम्मान मिला। फिल्म में तीन अन्य कलाकारों अश्विनी भिडे, रोनू मजूमदार और सुरुचि मोहता को भी अपनी गुरु पर विस्तार से बताते देखा जा सकता है। डॉ सुरुचि ने फिल्म में अभिनय भी किया है। फिल्म की शूटिंग बनारस और मुंबई के अलावा एलोरा और अहमदनगर में की गई है। निर्देशक डॉ गौतम चटर्जी के अनुसार फिल्म पूरी तरह क्लासिक फिल्म भाषा में बनी है। इसमें कौमुदी मुंशी की गाई दुर्लभ ठुमरियां संरक्षित हैं।


Published: 12-06-2023

Media4Citizen Logo     www.media4citizen.com
खबर आज भी, कल भी - आपका अपना न्यूज़ पोर्टल