Media4Citizen Logo
खबर आज भी, कल भी - आपका अपना न्यूज़ पोर्टल
www.media4citizen.com

राज्य स्तरीय आम महोत्सव : 12 जुलाई को

12 जुलाई को
12 जुलाई को
योगी सरकार विगत वर्ष की भांति इस वर्ष भी राज्य स्तरीय आम महोत्सव का आयोजन कर रही है। यह आयोजन आगामी 12 जुलाई से 14 जुलाई 2024 तक लखनऊ के अवध शिल्प ग्राम में आयोजित किया जायेगा।
 
इस तीन दिवसीय आम महोत्सव से संबंधित सभी आवश्यक तैयारियां पूरी की जा रही हैं। यह जानकारी प्रदेश के उद्यान, कृषि विपणन, कृषि विदेश व्यापार तथा कृषि निर्यात राज्यमंत्री (स्वतन्त्र प्रभार) श्री दिनेश प्रताप सिंह ने देते हुए बताया कि इस बार के आम महोत्सव को विगत वर्ष में आयोजित आम महोत्सव से भव्य आयोजन करने की तैयारी की जा रही है। उन्होंने बताया कि महोत्सव में उत्तर प्रदेश के अतिरिक्त अन्य प्रदेशों के उद्यान विभाग के प्रतिनिधि, प्रगतिशील किसान, बागवान, स्टेकहोल्डर तथा निर्यातक भी शामिल होंगे।
 
उद्यान मंत्री ने बताया कि आम महोत्सव से संबंधित सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को उनके कार्यदायित्व सौंप दिये गये हैं और उन्हें निर्देशित भी किया गया है कि अपने दायित्वों को समयबद्ध एवं गुणवत्ता के साथ पूर्ण करें। आम महोत्सव के दौरान मूलभूत सुविधायें सुनिश्चित की जा रही है, जिससे आम महोत्सव में आने वाले किसानों, उत्पादकों, निर्यातकों आदि को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
 
उन्होंने कहा कि आम महोत्सव में आम की विविधता एवं गुणवत्ता को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से अधिक से अधिक आम की विभिन्न प्रजातियों का प्रदर्शन किया जायेगा। इसके साथ ही आम की खेती में नये प्रयोग करने वाले आम उत्पादकों को सम्मानित भी किया जायेगा। उन्होंने बताया कि विगत वर्ष की भांति इस आम महोत्सव में विभिन्न प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाएंगी। 

 


Published: 08-07-2024

Media4Citizen Logo     www.media4citizen.com
खबर आज भी, कल भी - आपका अपना न्यूज़ पोर्टल