Media4Citizen Logo
खबर आज भी, कल भी - आपका अपना न्यूज़ पोर्टल
www.media4citizen.com

प्रधानमंत्री ने खेलों के बजट को बढ़ाकर किया 2400 करोड़ रुपए : अनुराग ठाकुर

अगले तीन महीने में पूरे देश में खेलो इंडिया के 1000 केंद्र खोले जाएंगे,राष्ट्रीय एथलीट विजेताओं को इन केंद्रों पे दी जाएगी नौकरी:खेल मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर

अनुराग ठाकुर
अनुराग ठाकुर

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के 'के डी सिंह बाबू स्टेडियम' में बालिका खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण और खेल एवं युवा मामलों के मंत्री श्री अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि देश में अगले तीन महीने के भीतर खेलो इंडिया के एक हजार केंद्र खोले जाएंगे और इन केंद्रों पर राष्ट्रीय एथलीट खिलाड़ियों को नौकरी दी जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने 2013 में  खेलों का बजट जो कि सिर्फ 864 करोड़ रुपए था उसे तीन गुना बढ़ाकर 2400 करोड़ कर दिया है।श्री ठाकुर ने कहा कि  खेलो इंडिया, यूथ गेम्स, यूनिवर्सिटी गेम्स और विंटर गेम्स प्रधानमंत्री की सोच है।

खेलो इंडिया के बजट में 400 करोड़ रुपए की बढ़ोतरी की गई है।केंद्रीय मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में महिलाओं की खेलों में प्रतिभागिता बढ़ी है। मीराबाई चानू और  पीवी सिंधु ने खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर देश की लड़कियों और महिलाओं को खेल के क्षेत्र में और अच्छा करने के लिए प्रेरित किया है।उन्होंने कहा कि हमारी बेटियों ने टोकियो और रियो ओलंपिक में देश को पदक दिलाकर गौरवांवित किया है। खेलो इंडिया व सांसद खेल प्रतियोगिता जैसे आयोजनों से खेल प्रतियोगिताओं का सफल आयोजन कर खिलाड़ियों को प्रोत्साहन किया जा रहा है।

केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि खेलो इंडिया के माध्यम से देश की खेल प्रतिभाओं को निखारने का काम किया जा रहा है। यही कारण है कि अब हमारे देश के खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में तिरंगा फहरा रहे हैं। उत्तर प्रदेश में खेलों के विकास को लेकर जो मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार ने किया वह पहले कभी नहीं हुआ।पिछले बार के यूथ गेम्स जो हरियाणा में हुए थे, उसमें 12 रिकॉर्ड टूटे थे। इस बार 12 खिलाड़ियों ने 25 नैशनल रिकॉर्ड तोड़े,जिसमें से अधिकतर रिकॉर्ड महिला खिलाडियों ने तोड़े है 


Published: 28-07-2023

Media4Citizen Logo     www.media4citizen.com
खबर आज भी, कल भी - आपका अपना न्यूज़ पोर्टल