बीजेपी विधायक के हमले से घायल घोड़े ‘शक्तिमान’ ने दम तोड़ा
उत्तराखंड में बीजेपी के विरोध-प्रदर्शन के दौरान विधायक की लाठियों से पैर गंवाने वाले पुलिस के घोड़े शक्तिमान ने आखिरकार दम तोड़ दिया है। ये विरोध प्रदर्शन पिछले महीने की 14 तारीख को हुआ था, जिसमें घायल शक्तिमान को अपनी एक टांग गंवानी पड़ी थी। घोड़े को कृत्रिम पैर तो लगा दिया गया लेकिन भरपूर देखरेख और उपचार के बावजूद उसे बचाया नहीं जा सका। शक्तिमान पर हमला करने के आरोप में बीजेपी विधायक गणेश जोशी को गिरफ्तार भी किया गया था।
घायल घोड़े शक्तिमान की टूटी टांग को जोड़ने के लिए उत्तराखंड से लेकर मुंबई और पुणे तक के डॉक्टरों की टीम ने इलाज शुरू किया लेकिन उसका पहला ऑपरेशन सफल नहीं हुआ। कुछ दिन बाद अमेरिका से आए डॉक्टर की सलाह पर शक्तिमान की टांग काटनी पड़ी। इसके बाद अमेरिका से शक्तिमान के लिए कृत्रिम टांग मंगवाई गई। डॉक्टरों ने शक्तिमान को कृत्रिम टांग लगाई, लेकिन टांग लगने के बाद भी उसकी मुश्किलें कम नहीं हुईं क्योंकि, उसका वजन चार सौ किलो के लगभग था जो कि पिछले एक ही पैर पर पड़ रहा था।